देहरादून। राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर सोमवार को परेड ग्राउंड में आयोजित “4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के गौरव को पुनर्स्थापित करने का संकल्प अब तेजी से सिद्धि की ओर बढ़ रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चार वर्ष पहले प्रदेश की जनता ने सभी मिथकों को तोड़ते हुए उन्हें पुनः राज्य की सेवा का अवसर दिया था। उसी समय उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप देवभूमि के गौरव को पुनर्स्थापित करने का संकल्प लिया था, जिसे पूरा करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में बाबा केदारनाथ की पावन धरा से कहा था कि “21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा।” इसी संकल्प के साथ राज्य सरकार सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में पहली बार जी-20 की बैठकों, राष्ट्रीय खेलों और ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट जैसे बड़े आयोजनों का सफल आयोजन हुआ, जिसमें 3.76 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश पर काम शुरू हो चुका है।
आर्थिकी में डेढ़ गुना वृद्धि:
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है और बीते एक वर्ष में जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसी अवधि में प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। राज्य में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर लगभग 1750 हो गई है। साथ ही 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं और रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई है।
राष्ट्रीय स्तर पर मिली सराहना:
उन्होंने कहा कि नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्य (SDG) इंडेक्स 2023-24 में उत्तराखंड को पहला स्थान मिला है। वहीं ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में राज्य को ‘एचीवर्स’ और स्टार्टअप रैंकिंग में ‘लीडर्स’ की श्रेणी प्राप्त हुई है। इंडिया इनोवेशन इंडेक्स में हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड दूसरे स्थान पर रहा है। राज्य को लगातार चार वर्षों से “मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट” का गौरव भी प्राप्त हो रहा है।
युवाओं को मिली नौकरी, नकल माफिया पर कार्रवाई:
मुख्यमंत्री ने कहा कि नकल और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सरकार सख्त नकल विरोधी कानून लाई। इसके परिणामस्वरूप पिछले साढ़े चार वर्षों में 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है और 100 से अधिक नकल माफिया जेल भेजे जा चुके हैं।
देवभूमि की पहचान बचाने के लिए कदम:
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि के दैवत्व को बनाए रखने के लिए सरकार ने सख्त धर्मांतरण विरोधी और दंगा विरोधी कानून लागू किए हैं। साथ ही 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है और लोगों को ठगने वाले छद्म साधुओं के खिलाफ ऑपरेशन कालनेमि चलाया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू कर सभी नागरिकों के लिए समान कानून लागू किया गया है।


