नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दिल्ली में INDIA ब्लॉक की मेगा रैली के दौरान भाजपा और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री खुद स्वीकार कर चुके हैं कि राज्य में 1.27 करोड़ वोट गायब हैं।
https://x.com/ahindinews/status/2116769730078167135?a=zdwbMU72j4e80OTEWns&s=46
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री को अचानक इन गायब वोटों की याद तब आई, जब वे MLC चुनाव हार गए। उन्होंने भाजपा के ‘डबल इंजन’ के नारे पर तंज कसते हुए कहा कि अब यह सरकार ‘डबल जीरो’ बन गई है।
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि एक चुनाव में हार स्वीकार नहीं कर पाने के बाद चुनाव आयोग से मुलाकात की गई और दोबारा मतगणना कराई गई। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार को एक ही चुनाव में दोहरी हार का सामना करना पड़ा।
अखिलेश यादव ने सवाल उठाते हुए कहा कि अब यह दावा किया जा रहा है कि 1.27 करोड़ गायब वोट हिंदुओं के नहीं हैं। उन्होंने पूछा कि आखिर सरकार को यह आंकड़ा किसने उपलब्ध कराया?
उन्होंने आगे कहा कि सरकार यह भी आरोप लगा रही है कि लाखों लाभार्थियों के वोट अस्तित्व में ही नहीं हैं। ऐसे में उन लोगों को भी रामलीला मैदान पहुंचकर अपनी आवाज उठानी चाहिए।
अखिलेश यादव के इस बयान के साथ INDIA ब्लॉक की रैली में मतदाता सूची, वोटों की कथित कमी और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।





