Tuesday, November 24, 2026
 dipr
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeकुमाऊंचंपावतसीएम धामी ने चम्पावत को दी ₹165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं...
spot_imgspot_img

सीएम धामी ने चम्पावत को दी ₹165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं की सौगात, टनकपुर-बनबसा में जलभराव से मिलेगी स्थायी राहत

spot_img

21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 का शिलान्यास, पूर्णागिरि में ₹45 करोड़ से बनेगा रोपवे; टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक बस अड्डे का निर्माण

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत जनपद को ₹165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने इन योजनाओं में 21 का लोकार्पण तथा 33 का शिलान्यास किया। इसके साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत की पावन धरती पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि आदर्श चम्पावत के संकल्प और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन योजनाओं से जनपद में सड़क, जल निकासी, नागरिक सुविधाओं, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी।

टनकपुर और बनबसा में जलभराव की समस्या का होगा स्थायी समाधान

मुख्यमंत्री ने टनकपुर एवं बनबसा क्षेत्र में बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या के समाधान के लिए ₹86.83 करोड़ की लागत से स्वीकृत जल निकासी योजना को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत टनकपुर में लगभग 21 किलोमीटर से अधिक तथा बनबसा में लगभग 7.7 किलोमीटर लंबाई में नालियों और जल निकासी व्यवस्था का निर्माण एवं सुधार किया जाएगा। इससे दोनों क्षेत्रों के लोगों को जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि टनकपुर और बनबसा उत्तराखंड एवं नेपाल के बीच व्यापार, आवागमन, पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इन क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

टनकपुर में बनेगा आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डा

मुख्यमंत्री ने बताया कि टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत शारदा घाट के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रथम चरण में ₹107.35 करोड़ की परियोजना पर कार्य गतिमान है। इस कॉरिडोर की समग्र परियोजना की लागत ₹3,000 करोड़ से अधिक है।

उन्होंने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगभग ₹45 करोड़ की लागत से रोपवे निर्माण का कार्य प्रगति पर है। ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम जाने वाले मुख्य मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण के लिए ₹48.38 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।

इसके अलावा बनबसा में भारत सरकार की लगभग ₹502 करोड़ की लागत वाली लैंड पोर्ट परियोजना से सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार, आवागमन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

लोहाघाट में ₹256.97 करोड़ से बनेगा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद के पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लोहाघाट में ₹256.97 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इससे पर्वतीय क्षेत्र की बेटियों को खेल प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के अवसर मिलेंगे।

इसी प्रकार लगभग ₹55.53 करोड़ की लागत से विज्ञान केंद्र (साइंस सेंटर) की स्थापना और लगभग ₹20 करोड़ की लागत से 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से जनपद में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं और अधिक मजबूत होंगी।

आदर्श चम्पावत के संकल्प को साकार करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ गांवों, सीमांत क्षेत्रों और दूरस्थ इलाकों तक पहुंचे। चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने के लिए सुनियोजित तरीके से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आदर्श चम्पावत की परिकल्पना केवल एक जनपद के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आदर्श उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उसका लाभ आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए।

पांच उत्कृष्ट लाभार्थियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया।

सम्मानित होने वालों में ग्राम बस्टिया, टनकपुर के त्रिलोक सिंह सामंत को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, ग्राम गुदमी, बनबसा की लक्ष्मी देवी को महिला बकरी पालन योजना, ग्राम उचोलीगोठ की पूजा महर को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम बिचई के रोहित चंद को कृषि कवच (चैनलिंक फेंसिंग) तथा ग्राम गुदमी के आनंद प्रसाद को स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना और उसे आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इन लाभार्थियों की सफलता अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष एवं प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, विभिन्न दर्जा राज्य मंत्री, जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine
video
play-sharp-fill
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments