मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हेमवंती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खटीमा में छात्र संघ द्वारा आयोजित विंटर कार्निवाल में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर विंटर कार्निवाल का विधिवत शुभारंभ किया तथा छात्र संघ के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को उनके सफल कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र संघ द्वारा पहली बार विंटर कार्निवाल के अंतर्गत भजन क्लंबिंग जैसे आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन की शुरुआत की गई है, जो सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन केवल कार्यक्रम नहीं होते, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, लोक परंपराओं और युवा चेतना के संगम का प्रतीक होते हैं। भजन क्लंबिंग जैसे आयोजन यह सिद्ध करते हैं कि आज का युवा आधुनिकता के साथ-साथ अपनी जड़ों से भी मजबूती से जुड़ा हुआ है। संगीत, भक्ति और संस्कृति के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देना, इस पहल की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री ने छात्र संघ की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस आयोजन के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने नेतृत्व क्षमता, संगठन शक्ति और सामाजिक दायित्व का परिचय दिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिन विद्यार्थियों ने आज इस कार्यक्रम का संचालन किया है, वही भविष्य में राज्य और देश का नेतृत्व करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा मेरे लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि मेरा घर, मेरी कर्मभूमि और मेरी पहचान है। खटीमा की मिट्टी ने उन्हें जनसेवा का संस्कार दिया है और यहां की हर गली व हर गांव उनके हृदय के अत्यंत निकट है। उन्होंने कहा कि सरकार ने खटीमा में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर ठोस कदम उठाए हैं। गदरपुर-खटीमा बाईपास, नौसर में पुल निर्माण और सड़कों के व्यापक नेटवर्क के माध्यम से कनेक्टिविटी को सुदृढ़ किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खटीमा में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, चकरपुर में राष्ट्रीय स्तर के आधुनिक खेल स्टेडियम का निर्माण, आधुनिक आईटीआई एवं पॉलीटेक्निक कॉलेज, 100 बेड का नया अस्पताल परिसर, विद्यार्थियों के लिए “साथी केंद्र” और औद्योगिक विकास के लिए सिडकुल की स्थापना की गई है। इसके साथ ही खटीमा-टनकपुर के बीच भव्य सैन्य स्मारक निर्माण, पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे, जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना, एम्स सैटेलाइट सेंटर और खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी जैसी योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आज रोजगार सृजन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। प्रदेश की प्रतिव्यक्ति आय में 17 गुना वृद्धि, सड़कों के नेटवर्क में दोगुना विस्तार और बिजली उत्पादन में चार गुना बढ़ोतरी इसका प्रमाण है। हाल ही में पलायन निवारण आयोग की रिपोर्ट में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन दर्ज होना इस बात का संकेत है कि युवा फिर से अपने गांवों की ओर लौट रहे हैं। प्रदेश की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की रिकॉर्ड कमी आई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति, अस्मिता और कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा। दंगारोधी, धर्मांतरण विरोधी कानूनों, लैंड जिहाद के खिलाफ कार्रवाई, अवैध मदरसों पर कार्रवाई, ऑपरेशन कालनेमि और समान नागरिक संहिता जैसे निर्णय नए उत्तराखंड के संकल्प को दर्शाते हैं। सख्त नकल विरोधी कानून के चलते 28 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली है और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत 200 से अधिक भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार देवभूमि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने “विकल्प रहित संकल्प” को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और खटीमा के लोगों का स्नेह व सहयोग इस संकल्प को और मजबूत करता रहेगा।
वहीं इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने खटीमा में पूर्व जिला पंचायत सदस्य स्व. राम सिंह जेठी की पत्नी के निधन, स्व. ढील्लू सिंह राणा एवं स्व. जशोधर भट्ट के निधन पर उनके आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर दीपक बाली, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व मंडी अध्यक्ष नंदन सिंह खड़ायत, अमित पांडे, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, सीओ बीएस धोनी सहित छात्र संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


