Friday, February 27, 2026
Google search engine
Homeउत्तराखंडबेटियों के जन्म से करियर तक सरकार का साथ – पुष्कर सिंह...

बेटियों के जन्म से करियर तक सरकार का साथ – पुष्कर सिंह धामी

देहरादून। प्रदेश सरकार बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार सुनिश्चित करने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि जन्म से लेकर उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भर बनने तक बेटियों को हर स्तर पर सहयोग दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत नंदा गौरा योजना के तहत प्रदेश की 33,251 बालिकाओं के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से 1 अरब 45 करोड़ 93 लाख रुपए की धनराशि एक क्लिक से हस्तांतरित की।

उन्होंने कहा कि समाज में बेटा-बेटी के बीच भेदभाव को समाप्त करने और कन्या जन्म को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत बालिका के जन्म पर 11 हजार रुपए तथा 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक इस योजना के माध्यम से 3,77,784 बालिकाओं को कुल 11 अरब 68 करोड़ 49 लाख रुपए की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने के साथ ही सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत आरक्षण भी प्रदान कर रही है, जिससे महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है और प्रशासनिक व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। नंदा गौरा योजना कन्या भ्रूण हत्या पर रोक, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और लैंगिक समानता स्थापित करने में प्रभावी साबित हो रही है।

इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि इस वर्ष लाभान्वित होने वाली बालिकाओं में 5,913 नवजात शामिल हैं, जबकि 27,338 बालिकाओं को 12वीं पास करने पर सहायता राशि प्रदान की गई है। उन्होंने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में सचिव चंद्रेश कुमार, विभागीय निदेशक बंशीलाल राणा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments