Friday, May 29, 2026
Google search engine
Homeउत्तराखंडराज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, विजेताओं...

राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, विजेताओं को किया सम्मानित

अल्मोड़ा, 27 मई 2026
अल्मोड़ा स्थित उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार एवं सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 32 संगठनों, व्यक्तियों एवं समूहों को सम्मानित किया। साथ ही जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले छह जनपदों को भी पुरस्कृत किया गया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि आज का यह अवसर उन व्यक्तित्वों और संस्थाओं को सम्मानित करने का है, जिन्होंने समाजहित में अनुकरणीय योगदान देकर सकारात्मक परिवर्तन की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि इन कर्मयोगियों ने अपने समर्पण, परिश्रम और संकल्प से यह सिद्ध किया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन पर्यावरण और विकास के संतुलन के साथ ही स्थायी विकास संभव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि एक समय नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में उत्तराखंड 10वें स्थान पर था, जबकि ताजा रिपोर्ट के अनुसार राज्य अब पूरे देश में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सुशासन, गरीब कल्याण, सीमांत क्षेत्रों के विकास, सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एसडीजी में प्रथम स्थान प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि उत्तराखंड की विकास यात्रा सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में उत्तराखंड अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है तथा विभिन्न क्षेत्रों के लिए बनाई गई विशेष नीतियों से राज्य के समग्र विकास को गति मिली है।

उन्होंने बताया कि राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है तथा प्रति व्यक्ति आय में 4.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर उत्तराखंड ने राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते चार वर्षों में उद्योग, स्टार्टअप, हेलीकॉप्टर सेवा, हाईवे निर्माण, ग्रीन एनर्जी एवं बिजली उत्पादन जैसे क्षेत्रों में हुए सकारात्मक बदलावों के चलते राज्य में रिवर्स पलायन में वृद्धि हुई है। अब लोग अपने पैतृक गांवों की ओर लौटकर स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार अपनाते हुए प्रदेश के विकास में भागीदारी निभा रहे हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि एसडीजी रैंकिंग में उत्तराखंड का श्रेष्ठ स्थान प्राप्त करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्पों का परिणाम है। उन्होंने इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

प्रमुख सचिव नियोजन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी एंड गुड गवर्नेंस (CPPGG) डॉ. आर मीनाक्षी सुन्दरम ने एसडीजी की अवधारणा एवं राज्य की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने में सभी की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आमजन का स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जनपद के समग्र विकास के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में रुद्रप्रयाग को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। द्वितीय स्थान उत्तरकाशी एवं नैनीताल को मिला, जबकि तृतीय स्थान पर बागेश्वर, चमोली एवं टिहरी रहे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैडा, विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल, दर्जाधारी राज्य मंत्री गंगा बिष्ट एवं गोविंद पिलख्वाल, सदस्य पलायन आयोग अनिल सिंह साही, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, मेयर अल्मोड़ा अजय वर्मा, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी CPPGG मनोज पंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रतिभागी एवं आमजन उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments