देहरादून, 29 जुलाई। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में प्रदेशभर में भव्य और जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल औपचारिक आयोजन न होकर राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सहभागिता और जनजागरूकता का पर्व बने।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि राज्य एवं जनपद स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं, रक्तदान शिविर, हाई एल्टीट्यूड साहसिक गतिविधियां, मैराथन, साइकिल, बाइक एवं कार रैली जैसे विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही प्रदेश के प्रमुख शहरों में पुलिस, सेना, अर्द्धसैनिक बल एवं एनसीसी बैंड द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत संगीतमय प्रस्तुतियां आयोजित करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने जल संरक्षण एवं संवर्द्धन के साथ-साथ बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि रक्तदान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए।
महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि 15 अगस्त को प्रातः 10 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी परेड ग्राउंड, देहरादून में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। मुख्य सचिव सुबह 9 बजे सचिवालय में ध्वजारोहण करेंगे, जबकि देहरादून को छोड़कर सभी जिलाधिकारी अपने-अपने जनपदों में सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण करेंगे। देहरादून के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक तथा 15 अगस्त को सुबह 6 बजे से 11 बजे तक प्रदेश के प्रमुख चौराहों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से देशभक्ति गीत प्रसारित किए जाएंगे। इसके अलावा 14 अगस्त को प्रदेश मुख्यालय में कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन होगा तथा सरकारी भवनों और ऐतिहासिक इमारतों को एलईडी रोशनी से सजाया जाएगा।
प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में सुबह 7 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, खेलकूद प्रतियोगिताएं, विचार गोष्ठियां, प्रदर्शनी, वाद-विवाद, निबंध प्रतियोगिताएं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, बृजेश कुमार संत, विनय शंकर पाण्डेय, विनोद कुमार सुमन, युगल किशोर पंत, रणवीर सिंह चौहान, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


