Wednesday, November 4, 2026
 dipr
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडधामी ने गाजियाबाद में खिलाड़ियों को किया सम्मानित, बोले- खेलों से विकसित...
spot_imgspot_img

धामी ने गाजियाबाद में खिलाड़ियों को किया सम्मानित, बोले- खेलों से विकसित होती है अनुशासन और राष्ट्रभावना

spot_img

37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह-2026 के समापन कार्यक्रम में हुए शामिल, विजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गाजियाबाद में विद्या भारती द्वारा आयोजित 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह-2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ ही उनमें अनुशासन, एकता, सहयोग और राष्ट्रभावना का विकास करती हैं। देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों की सहभागिता इस आयोजन को विशेष बनाती है। हिमालय के सीमांत क्षेत्रों से लेकर कन्याकुमारी और पश्चिमी सीमाओं से लेकर पूर्वोत्तर तक के खिलाड़ियों का एक मंच पर एकत्र होना ‘लघु भारत’ का दर्शन कराता है।

मुख्यमंत्री ने अपने विद्यार्थी जीवन के संस्मरण साझा करते हुए कहा कि खेल का मैदान सभी को एक सूत्र में जोड़ता है। यहां खिलाड़ी न केवल प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं, बल्कि एक-दूसरे की संस्कृति और परंपराओं को समझने का अवसर भी प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल में जीत आगे बढ़ने का उत्साह देती है, जबकि हार अपनी कमियों को पहचानकर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने कहा कि विद्या भारती शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। वर्ष 1952 में गोरखपुर में प्रथम सरस्वती शिशु मंदिर की स्थापना से शुरू हुई संस्था की यात्रा आज देश के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंच चुकी है। उत्तराखण्ड में भी विद्या भारती के विद्यालय शिक्षा और संस्कारों के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में शिक्षा के साथ शारीरिक विकास को भी विशेष महत्व दिया गया है। खेलों से विद्यार्थियों में साहस, धैर्य, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक सहयोग जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने पेरिस पैरालंपिक-2024 में रजत पदक विजेता निषाद कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसी पहलें संचालित की जा रही हैं। इन प्रयासों से युवाओं में खेलों और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा सामान्य परिवारों की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार भी प्रदेश में खेल सुविधाओं और संसाधनों के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का पूरा अवसर मिले।

मुख्यमंत्री ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही आयोजन के सफल संचालन के लिए विद्या भारती के पदाधिकारियों, आचार्यों, प्रशिक्षकों और आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं की सराहना की।

इस अवसर पर विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के महामंत्री देशराज शर्मा, अखिल भारतीय सह-संगठन मंत्री यतीन्द्र कुमार शर्मा, अखिल भारतीय संयोजक खेल विभाग मुक्तेश बगेशा, महेश गुप्ता, डॉ. विजय पाल सहित संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine
video
play-sharp-fill
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments