Tuesday, November 10, 2026
 dipr
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडराज्य स्थापना दिवस पर CM धामी ने किया विकास पुस्तिका का विमोचन,...
spot_imgspot_img

राज्य स्थापना दिवस पर CM धामी ने किया विकास पुस्तिका का विमोचन, ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान’ में गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

spot_img

धामी बोले- विकास का असली अर्थ आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना, प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में तेजी से आगे बढ़ रहा उत्तराखंड

देहरादून: उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज, गढ़ी कैंट में आयोजित समारोह में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका-2026 ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान’ का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तिका प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों का दस्तावेज होने के साथ जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही भी दर्शाती है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों और अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड का निर्माण जनता के लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। राज्य आंदोलन में मातृशक्ति की भूमिका ऐतिहासिक रही है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में पृथक राज्य का सपना साकार हुआ और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड को विकसित एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ केवल योजनाओं और आंकड़ों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसका सकारात्मक प्रभाव आम नागरिक के जीवन में दिखाई देना चाहिए। गांव तक सड़क पहुंचने से स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलता है, विद्यालयों में बेहतर संसाधनों से बच्चों के सपनों को नई उड़ान मिलती है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने से पलायन जैसी समस्या का समाधान होता है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक परिवार का जीवन बेहतर बनाना है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना राज्य के विकास को नई गति दे रही हैं। हवाई और हेली सेवाओं के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ पर्यटन, व्यापार और रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं।

स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लक्ष्य पर काम किया जा रहा है। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार तथा किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का विकास स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करेगा। वहीं, सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जी-20 बैठकों के सफल आयोजन से उत्तराखण्ड को वैश्विक पहचान मिली है। वहीं, 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन ने प्रदेश की खेल प्रतिभाओं और आयोजन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया। मानसखंड मंदिर माला मिशन, शीतकालीन यात्रा और नए पर्यटन स्थलों के विकास के माध्यम से पर्यटन को सालभर रोजगार और आजीविका से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि इसका लाभ स्थानीय लोगों, होमस्टे संचालकों और छोटे कारोबारियों तक पहुंचे।

निवेश और अर्थव्यवस्था पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से प्रदेश में निवेश को बढ़ावा मिला है और निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने का कार्य जारी है। वर्ष 2025-26 के अनुमानों के अनुसार उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था का आकार लगभग 3.82 लाख करोड़ रुपये है, जबकि वर्ष 2026-27 का बजट एक लाख 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक विकास का लाभ किसानों, युवाओं, महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सरकार गांवों में बेहतर सुविधाएं और आजीविका के अवसर विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे युवाओं को अपने गांवों में ही रोजगार और आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, प्राकृतिक संपदा और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की गई है। इसके अलावा सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, भू-कानून और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की उपलब्धियां संतोष देने के साथ भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी देती हैं। प्रत्येक गांव तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने, रोजगार के नए अवसर विकसित करने, खेती को लाभकारी बनाने और आपदा प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने ‘अभी बहुत आगे हमें जाना है’ कविता की पंक्तियों के माध्यम से राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित उत्तराखण्ड बनाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे गए शुभकामना संदेश का वाचन किया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, खजान दास, विधायक विनोद चमोली एवं सविता कपूर, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु एवं डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव सूचना शैलेश बगौली, उत्तराखण्ड मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविन्द सिंह बिष्ट, सचिव विनय शंकर पांडेय, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine
video
play-sharp-fill
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments