प्रधानमंत्री बोले- 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बनाने के संकल्प को साकार कर रही राज्य सरकार, विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत की दिशा में बढ़ रहा प्रदेश
देहरादून। उत्तराखंड के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में उत्तराखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि 9 नवंबर 2000 को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। राज्य स्थापना दिवस प्रदेशवासियों के साहस, स्वाभिमान और विकास के संकल्प को नमन करने का अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड अपनी विकास यात्रा में नई उपलब्धियां हासिल करता रहेगा।
आध्यात्मिक विरासत को बताया उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड को प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक वैभव का अद्भुत संगम बताते हुए कहा कि मां गंगा और यमुना का उद्गम, चारधाम, पंच केदार और पंच प्रयाग इस प्रदेश को देश की आस्था का प्रमुख केंद्र बनाते हैं। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, जागेश्वर धाम और आदि कैलाश जैसे तीर्थस्थल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े हैं।
उन्होंने उत्तराखंड से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन के कार्यों के दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में समय बिताया है। केदारनाथ की दिव्य गुफा में साधना और आदि कैलाश की आध्यात्मिक यात्रा की स्मृतियां आज भी उनके मन में जीवंत हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की अपार क्षमता है।
चारधाम सड़क और रेल परियोजनाओं से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
प्रधानमंत्री ने पिछले एक दशक में राज्य में हुए आधारभूत ढांचे के विस्तार की सराहना की। उन्होंने बताया कि लगभग 890 किलोमीटर लंबी चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना पर 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है। वहीं, लगभग 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को पर्यटन, व्यापार और उद्योग के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय कम होगा। देहरादून एयरपोर्ट के विस्तार, पिथौरागढ़ एयरपोर्ट के संचालन और हेलीपैड नेटवर्क के विस्तार से प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी भी मजबूत हो रही है।
केदारनाथ-बदरीनाथ धाम के विकास और सीमांत गांवों पर जोर
प्रधानमंत्री ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं में धार्मिक महत्व के साथ पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र की दिव्यता को प्राथमिकता दी गई है।
सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत माणा, जादुंग, टिम्मरसैंण, नीति और गुंजी जैसे गांवों में बुनियादी सुविधाओं, पर्यटन, स्थानीय संस्कृति और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के प्रयासों की भी सराहना की।
पर्यटन और होमस्टे से स्थानीय लोगों को मिल रहे रोजगार के अवसर
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं। हजारों होमस्टे स्थानीय परिवारों की आय का माध्यम बन रहे हैं। विंटर टूरिज्म, वेडिंग टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म और 365-डे टूरिज्म को बढ़ावा देने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
उन्होंने हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के लिए केंद्र सरकार की ओर से 500 करोड़ रुपये की सहायता का भी उल्लेख किया और विश्वास जताया कि यह आयोजन देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए यादगार बनेगा।
स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तीकरण के प्रयासों की सराहना
प्रधानमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत 98 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने हरिद्वार, पिथौरागढ़, रुद्रपुर और अल्मोड़ा में मेडिकल कॉलेजों के संचालन तथा चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख किया।
शिक्षा के क्षेत्र में देवप्रयाग में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर, केंद्रीय विद्यालयों और पीएम श्री विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की। साथ ही उत्तराखंड के पूर्ण साक्षरता का लक्ष्य हासिल करने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
महिला सशक्तीकरण के संदर्भ में उज्ज्वला, स्वच्छ भारत, प्रधानमंत्री आवास और लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिली है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि को भी किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया।
सुशासन और सांस्कृतिक विरासत का भी किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू किए जाने, सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून और भू-कानून में पारदर्शिता जैसे कदमों का उल्लेख किया। उन्होंने वन रैंक वन पेंशन के माध्यम से पूर्व सैनिकों के हितों को प्राथमिकता देने की बात भी कही।
इसके अलावा राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन और प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा 100 से अधिक राष्ट्रीय स्तर के पदक जीतने को गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आयोजित हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा रन मैराथन को साहसिक खेलों के क्षेत्र में उत्तराखंड की नई पहचान से जोड़ा।
प्रधानमंत्री ने नंदा देवी मेला, उत्तरायणी मेला, जागेश्वर मेला, इगास-बग्वाल, छोलिया नृत्य और फूलदेई जैसी परंपराओं के साथ मंडुवे की रोटी, झंगोरे की खीर, बाल मिठाई और सिंगौड़ी जैसे पारंपरिक व्यंजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराएं उसकी आत्मा हैं।
विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत का संकल्प
प्रधानमंत्री ने लगभग 8 हजार करोड़ रुपये की लागत वाले 1,000 मेगावाट क्षमता के टिहरी पम्प्ड स्टोरेज प्लांट सहित लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना, जमरानी बांध परियोजना और सॉन्ग बांध पेयजल योजना को भी राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों से उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। हमारा संकल्प है कि प्रदेश का हर गांव, प्रत्येक परिवार और हर युवा विकास के अवसरों से जुड़े। इसी भावना के साथ विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ना है।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री का जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुभकामना संदेश पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव और आत्मीय जुड़ाव प्रदेशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा व्यक्त विश्वास और अपेक्षाएं राज्य सरकार के संकल्प को और मजबूत करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और प्रदेश का प्रत्येक गांव, युवा, किसान, महिला तथा सीमांत क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़े।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए विकास, रोजगार, पर्यटन और निवेश के नए अवसर सृजित कर रहा है। राज्य सरकार ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।





