Friday, November 27, 2026
 dipr
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeगढ़वालदेहरादूनमुख्यमंत्री ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को सौंपे नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों...
spot_imgspot_img

मुख्यमंत्री ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को सौंपे नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों को मिली सरकारी सेवा में जगह

spot_img

सीएम धामी ने अधिकारियों को दिया जनसेवा का मंत्र, बोले- ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता से निभाएं जिम्मेदारी

राजस्व मामलों के समयबद्ध निस्तारण और आमजन की समस्याओं के समाधान पर दिया जोर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि बेटियों की यह सफलता सरकारी सेवाओं की तैयारी कर रही प्रदेश की अन्य युवतियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवनियुक्त अधिकारियों की इस उपलब्धि के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ-साथ उनके माता-पिता एवं गुरुजनों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र के साथ ही सभी अधिकारियों को जनसेवा की एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि यही होगी कि उनके कार्यों से आमजन को समय पर राहत और समस्याओं का समाधान मिले।

राजस्व प्रशासन में नायब तहसीलदारों की भूमिका अहम

मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कार्यों का सीधा संबंध आमजन की भूमि, आजीविका और अधिकारों से होता है। इसलिए नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का पूरी सावधानी, संवेदनशीलता और निर्धारित समयसीमा में निस्तारण किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एक किसान के लिए उसकी भूमि केवल संपत्ति नहीं, बल्कि परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। ऐसे में अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण करते समय उससे जुड़े परिवारों की परिस्थितियों को भी समझना चाहिए।

बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं पर दें विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या धैर्यपूर्वक सुनें और आवश्यक दस्तावेजों एवं निर्धारित प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दें, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले लोगों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। आपदा से हुई क्षति का सही एवं समयबद्ध आकलन किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार शीघ्र राहत मिल सके।

भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस, दबाव और सिफारिश से रहें दूर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। सभी अधिकारी अपने सेवाकाल में किसी भी प्रकार के दबाव, सिफारिश या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों, कानून और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें।

उन्होंने कहा कि बिना किसी सिफारिश के आने वाले व्यक्ति के जायज कार्य का भी पूरी तत्परता से निस्तारण करना ही निष्पक्ष प्रशासन की पहचान है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को अपनी कार्यशैली में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को अपनी कार्यप्रणाली सरल बनाने के साथ नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति के बारे में भी स्पष्ट जानकारी उपलब्ध करानी चाहिए।

पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने और युवाओं की मेहनत एवं भविष्य की रक्षा के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। इसके परिणामस्वरूप पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नियुक्ति के पीछे किसी युवा की वर्षों की मेहनत और उसके परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं। इसलिए नवनियुक्त अधिकारी अपने पद की गरिमा बनाए रखें और जनता के प्रति संवेदनशील रहते हुए प्रत्येक निर्णय ईमानदारी, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ लें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों की वास्तविक पहचान इस बात से बनेगी कि आमजन कितने विश्वास के साथ अपनी समस्याएं लेकर उनके पास आते हैं और उन्हें कितनी सहजता से समाधान मिलता है।

जनसेवा को प्राथमिकता बनाकर करें कार्य : मुख्य सचिव

इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। राजस्व प्रशासन के जरिए आमजन को अधिक से अधिक लाभ कैसे पहुंचाया जा सकता है, इसी सोच के साथ अधिकारियों को कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उन लोगों के प्रति अधिकारियों की विशेष जिम्मेदारी है, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक ही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनियुक्त अधिकारी जिस उद्देश्य और संकल्प के साथ सरकारी सेवा में आए हैं, उसे पूरा करने में सफल होंगे।

कार्यक्रम में सचिव राजस्व एस.एन. पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine
video
play-sharp-fill
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments