Friday, November 27, 2026
 dipr
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडपांच साल का रिपोर्ट कार्ड जारी: CM धामी ने गिनाईं सरकार की...
spot_imgspot_img

पांच साल का रिपोर्ट कार्ड जारी: CM धामी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

spot_img

36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी, 3.10 लाख से ज्यादा महिलाएं बनीं लखपति दीदी; निवेश प्रस्तावों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक धरातल पर उतरे

प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड ने विकास के नए आयाम स्थापित किए: मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को आईएसबीटी, देहरादून स्थित एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों पर आधारित रिपोर्ट कार्ड का विमोचन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, पर्यटन, उद्योग, निवेश, ऊर्जा, सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी, कानून व्यवस्था और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उत्तराखंड ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। सरकार ने केवल योजनाएं बनाने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन तक लाभ पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण राज्य सरकार का लक्ष्य है।

रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियों का दावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के लिए 158 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है।

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के प्रथम चरण में 11 हजार छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग से जोड़ने की प्रक्रिया गतिमान है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं से 21 हजार से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं। प्रदेश देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना है और देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है।

3.10 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी

महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 5.19 लाख से अधिक महिलाओं को संगठित कर 70,767 स्वयं सहायता समूह बनाए गए हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की बिक्री छह करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है।

नंदा गौरा योजना के तहत बेटियों के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। अक्टूबर 2026 तक चार लाख से अधिक बेटियों को इसका लाभ मिल चुका है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत लगभग 10 लाख लाभार्थियों को करीब 148 करोड़ रुपये प्रतिमाह डीबीटी के माध्यम से दिए जा रहे हैं।

किसानों को ब्याजमुक्त ऋण, मंडुआ का समर्थन मूल्य 5200 रुपये प्रति कुंतल

किसान कल्याण के संबंध में मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई है।

मंडुआ की खरीद के लिए 5,200 रुपये प्रति कुंतल की दर निर्धारित की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में खेती को बढ़ावा देने के लिए पॉलीहाउस निर्माण हेतु 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। एप्पल, कीवी और ड्रैगन फ्रूट मिशन के साथ महक क्रांति के माध्यम से सुगंधित फसलों की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

एक लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतरे

औद्योगिक विकास और निवेश के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं।

निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए 30 से अधिक नई नीतियां बनाई गई हैं। खुर्पिया फार्म में अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर के अंतर्गत स्मार्ट इंडस्ट्रियल सिटी विकसित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि नीति आयोग के एसडीजी इंडेक्स 2023-24 में उत्तराखंड को पहला स्थान मिला है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में राज्य टॉप अचीवर्स और स्टार्टअप इकोसिस्टम में लीडर्स श्रेणी में शामिल हुआ है। निवेश आकर्षण सूचकांक-2026 में पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में उत्तराखंड को पहला स्थान मिला है।

स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बने

स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अटल आयुष्मान योजना के तहत 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। सितंबर 2026 तक 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया है।

प्रदेश में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें तीन पिछले पांच वर्षों में शुरू हुए हैं। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण अंतिम चरण में है। एम्स ऋषिकेश से हेली एम्बुलेंस सेवा संचालित की जा रही है और हल्द्वानी में कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य जारी है। इसके अलावा प्रदेश में 207 प्रकार की पैथोलॉजी जांच निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

यूसीसी, सख्त नकल विरोधी कानून और भू-कानून का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आजादी के बाद समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। प्रदेश में 27 जनवरी 2025 से समान नागरिक संहिता लागू की गई।

भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसमें गंभीर मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। धर्मांतरण विरोधी कानून को और सख्त बनाया गया है तथा दंगारोधी कानून लागू किया गया है।

उन्होंने बताया कि सख्त भू-कानून के माध्यम से प्रदेश के 11 जनपदों में बाहरी राज्यों के व्यक्तियों द्वारा कृषि एवं बागवानी भूमि की खरीद पर प्रतिबंध लगाया गया है। अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई है।

अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से 900 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं, जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के जरिए शासन और प्रशासन को आम जनता के करीब लाने का प्रयास किया जा रहा है।

दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पूरा, रेल परियोजनाओं पर 39 हजार करोड़ खर्च

कनेक्टिविटी के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण पूरा हो चुका है। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना पर काम जारी है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

प्रदेश में करीब 39 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है और 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। देहरादून-मसूरी रोपवे का निर्माण कार्य भी गतिमान है।

देहरादून एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का विस्तार किया गया है। पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 524.78 एकड़ भूमि हस्तांतरित की गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीन चरणों में 11,595 करोड़ रुपये की लागत से 2,826 सड़कों का निर्माण कर 21,915 किलोमीटर का सड़क नेटवर्क विकसित किया गया है। ऋषिकेश बाईपास परियोजना के लिए 1,105 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के साथ शीतकालीन यात्रा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं, जिससे स्थानीय लोगों और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लाभ मिला है।

मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत 48 मंदिरों का विकास किया जा रहा है। हरिद्वार-ऋषिकेश, विवेकानंद, गोल्ज्यू, यमुना और शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।

प्रदेश की 83 पर्वत चोटियों को पर्वतारोहण के लिए खोला गया है और 100 ट्रैकिंग एवं हाइकिंग रूट चिह्नित किए गए हैं। ऋषिकेश में 100 करोड़ रुपये की लागत से राफ्टिंग बेस स्टेशन विकसित किया जा रहा है। कुंभ मेला-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये से अधिक तथा नंदा देवी राजजात यात्रा के लिए 25 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।

ऊर्जा और पेयजल परियोजनाओं को मिली गति

मुख्यमंत्री ने बताया कि टिहरी में एक हजार मेगावाट की वेरिएबल स्पीड पंप्ड स्टोरेज परियोजना की चारों इकाइयों ने वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर दिया है। व्यासी जलविद्युत परियोजना से 120 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है।

मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के तहत 1,132 सौर संयंत्र स्थापित किए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत 16,555 में से 15,540 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 14.48 लाख में से 14.20 लाख ग्रामीण परिवारों को पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। सौंग, जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं पर भी कार्य आगे बढ़ रहा है।

आपदा प्रबंधन में सिलक्यारा और केदारनाथ रेस्क्यू का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिन बाद सुरक्षित बाहर निकालने, वर्ष 2024 में केदारनाथ क्षेत्र से 15 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित निकालने और अगस्त 2025 में थराली एवं हर्षिल क्षेत्र में चलाए गए राहत एवं बचाव कार्यों का उल्लेख किया।

उन्होंने बताया कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के उपचार के लिए केंद्र सरकार से 461 करोड़ रुपये तथा आपदा न्यूनीकरण के लिए 113.90 करोड़ रुपये की सहायता प्राप्त हुई है। वसुंधरा ताल क्षेत्र में ग्लेशियल झील से संभावित खतरे की निगरानी के लिए अर्ली वार्निंग सेंसर लगाए जा रहे हैं।

राष्ट्रीय खेलों में 103 पदक, खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में आरक्षण

खेलों के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के खिलाड़ियों ने 103 पदक हासिल किए। हल्द्वानी के गौलापार में राज्य खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में कार्य किया गया है।

प्रदेश के आठ शहरों में 23 खेल अकादमियां संचालित हैं, जहां प्रतिवर्ष 920 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पात्र खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में चार प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत आठ से 14 वर्ष तक के 3,900 बच्चों को प्रतिमाह 1,500 रुपये की छात्रवृत्ति दी जा रही है।

राज्य आंदोलनकारियों और अग्निवीरों के कल्याण के लिए भी फैसले

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिह्नित राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। शहीद राज्य आंदोलनकारियों के परिवारों की मासिक पेंशन तीन हजार से बढ़ाकर 5,500 रुपये, जेल गए एवं घायल आंदोलनकारियों की पेंशन छह हजार से बढ़ाकर सात हजार रुपये और सक्रिय आंदोलनकारियों की पेंशन 4,500 से बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रतिमाह की गई है।

आंदोलनकारियों के अधिकतम दो बच्चों को स्कूल एवं कॉलेज में निःशुल्क शिक्षा तथा उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। अग्निवीरों के लिए अग्निवीर सेल का गठन भी किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प उत्तराखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाना है। विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और युवाओं, महिलाओं, किसानों एवं कमजोर वर्गों के लिए नए अवसर सृजित करना सरकार की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, मंत्रीगण, विधायकगण, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine
video
play-sharp-fill
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments