आपदा एवं सड़क दुर्घटनाओं में राहत-बचाव कार्य करने वाले लोगों को किया जाएगा सम्मानित, सिलक्यारा बचाव अभियान को बताया साहस और समन्वय की ऐतिहासिक मिसाल
देहरादून। उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन की भागीदारी बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चार महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। शुक्रवार को सचिवालय, देहरादून में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को भी आपदा माना जाएगा। ऐसे अग्निकांड से प्रभावित लोगों को राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) के निर्धारित मानकों के अनुरूप राहत राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि आपदाओं एवं सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत और बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को सरकार की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। इसके साथ ही भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस तथा अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके सहयोग से आमजन को आपदाओं से बचाव और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रथम चरण में अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रति एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षित शिक्षक विद्यार्थियों को लगातार आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के उपायों के प्रति जागरूक करेंगे।
आईआरएस पुस्तिका और आपदा प्रबंधन योजना का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (IRS) पुस्तिका एवं उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (SDMP) 2026-27 का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आपदा प्रबंधन प्रदेश के लिए हमेशा चुनौतीपूर्ण विषय रहा है। राज्य को विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में आपदाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ ही प्रत्येक स्तर पर पूर्व तैयारियों को मजबूत करना जरूरी है। आपदा प्रबंधन की इस व्यवस्था से विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया बेहद महत्वपूर्ण होती है। आपदा की सूचना मिलते ही पूरा तंत्र सक्रिय होना चाहिए और प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द राहत एवं सहायता पहुंचनी चाहिए। कठिन परिस्थितियों में आपदा प्रभावितों के बीच पहुंचकर उनके साथ खड़े रहना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
सिलक्यारा बचाव अभियान साहस, धैर्य और बेहतर समन्वय की मिसाल
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि 12 नवंबर 2023 को दीपावली के दिन सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना एक बड़ी चुनौती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने बेहतर समन्वय के साथ बचाव अभियान चलाया। प्रधानमंत्री लगातार अभियान की प्रगति की जानकारी लेते रहे। प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की टीमों ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बचाव अभियान के दौरान कई तकनीकी चुनौतियां सामने आईं। श्रमिकों की सुरक्षित निकासी के लिए एक साथ कई वैकल्पिक उपायों पर काम किया गया और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की मदद ली गई। लगभग 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
उन्होंने कहा कि बाबा बौखनाग के आशीर्वाद, श्रमिकों के धैर्य, बचाव दलों के अथक परिश्रम तथा केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से यह अभियान सफल हुआ। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की भूकंप के प्रति संवेदनशीलता को देखते हुए भूकंप से बचाव के लिए भी नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने पर जोर दिया।
आपदा प्रबंधन में आधुनिक तकनीक और जनसहभागिता पर जोर
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदाओं के प्रभाव को कम करने के लिए पूर्व तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया और आपदा के बाद पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने सिलक्यारा बचाव अभियान को मानवीय संवेदनशीलता, धैर्य और बेहतर टीमवर्क का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।
मुख्य सचिव ने कहा कि आपदा से प्रभावित अंतिम व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए आधुनिक तकनीकों का प्रभावी उपयोग, केंद्रीय संस्थानों की विशेषज्ञता, स्थानीय समुदायों की सहभागिता तथा विभिन्न विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने आपदा प्रबंधन से जुड़े अनुभवों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण करने पर भी बल दिया।
प्रदेश में 133 क्विक रिस्पॉन्स टीमें गठित
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदेश में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने सिलक्यारा बचाव अभियान, आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व चेतावनी प्रणाली, क्षमता विकास और भविष्य की कार्ययोजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश में 133 क्विक रिस्पॉन्स टीमें (QRT) गठित की गई हैं, जिनमें कुल 2,250 सदस्य शामिल हैं। वहीं, भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए राज्य में 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा एवं भरत सिंह चौधरी, राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) रघुवीर सिंह भंडारी, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के सभी जिलाधिकारी तथा विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी जुड़े।





