देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया है। वह लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का स्थान लेंगे, जिन्होंने 15 सितंबर 2021 को उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में पदभार संभाला था।
कौन हैं डॉ. ढाल सिंह बिसेन?
डॉ. ढाल सिंह बिसेन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता हैं। उनका जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया में हुआ था। उन्होंने मध्य प्रदेश की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाई है।
ऐसा रहा राजनीतिक सफर
डॉ. ढाल सिंह बिसेन वर्ष 1990, 1993, 1998 और 2003 में मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। वर्ष 2003 से 2005 तक उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया। इसके बाद वर्ष 2011 से 2013 तक वह मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष रहे।
वर्ष 2019 में डॉ. बिसेन बालाघाट लोकसभा सीट से सांसद निर्वाचित हुए। अब उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में उनकी नियुक्ति के साथ राज्य को नया संवैधानिक प्रमुख मिलने जा रहा है।
राज्यपाल के रूप में उनकी नियुक्ति से संबंधित कार्यभार ग्रहण करने की तारीख और अन्य औपचारिकताओं की जानकारी आधिकारिक घोषणा के अनुसार स्पष्ट होगी।
इसके अलावा केरलम, तमिलनाडु, ओडिशा, कर्नाटक और सिक्किम में भी नए राज्यपालों की नियुक्ति की गई है।
छह राज्यों में नियुक्ति और फेरबदल
जारी जानकारी के अनुसार, राज्यपालों की नियुक्ति और स्थानांतरण का विवरण इस प्रकार है:
- ओम प्रकाश माथुर: सिक्किम के पूर्व राज्यपाल को केरलम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
- राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर: केरलम के पूर्व राज्यपाल को तमिलनाडु का राज्यपाल बनाया गया है।
- ब्रज मोहन राम: ओडिशा के राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं।
- डॉ. सुधा यादव: कर्नाटक की राज्यपाल नियुक्त की गई हैं।
- डॉ. ढाल सिंह बिसेन: उत्तराखंड के नए राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं।
- दुष्यंत गौतम: सिक्किम के राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं।



