Wednesday, February 25, 2026
Google search engine
Homeउत्तराखंडचारधाम यात्रा 2025 के अभिनव ट्रैफिक मॉडल पर उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रीय...

चारधाम यात्रा 2025 के अभिनव ट्रैफिक मॉडल पर उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रीय SKOCH Award, एसपी लोकजीत सिंह होंगे सम्मानित

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस के लिए गर्व का विषय है कि चारधाम यात्रा 2025 के सफल संचालन हेतु विकसित अभिनव ट्रैफिक एवं कंट्रोल रूम प्रबंधन प्रणाली को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित SKOCH Group द्वारा प्रदान किए जाने वाले SKOCH Award के लिए चयनित किया गया है।

पुलिस अधीक्षक (यातायात) देहरादून लोकजीत सिंह के नेतृत्व में “चारधाम यात्रा 2025 : निर्बाध तीर्थ प्रबंधन हेतु अभिनव कंट्रोल रूम समाधान” नामांकन को 106वें SKOCH समिट में सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार शासन एवं विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट और परिणाम-आधारित नवाचारों के लिए दिया जाता है।

चारधाम यात्रा के दौरान प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं। वर्ष 2025 में यातायात प्रबंधन को सुरक्षित, सुचारु और तकनीक-आधारित बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा उन्नत कंट्रोल रूम सिस्टम, रियल-टाइम मॉनिटरिंग, डिजिटल समन्वय, इंटेलिजेंट रूट डायवर्जन और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत किया गया। इसके परिणामस्वरूप यातायात जाम में उल्लेखनीय कमी आई और तीर्थयात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हुई।

यह सम्मान एसपी (ट्रैफिक) लोकजीत सिंह की तकनीकी दक्षता, पारदर्शी कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रमाण है। चारधाम यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में प्रभावी यातायात प्रबंधन राज्य की प्रशासनिक क्षमता और बहु-एजेंसी समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बना।

उल्लेखनीय है कि यह पुरस्कार 28 मार्च 2026 को नई दिल्ली में आयोजित 106वें SKOCH समिट के दौरान प्रदान किया जाएगा। पुलिस महानिदेशक एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर श्री लोकजीत सिंह सहित पूरी ट्रैफिक पुलिस टीम को बधाई देते हुए इसे प्रदेश के लिए प्रेरणादायी क्षण बताया।

वर्ष 2024 की चारधाम यात्रा के दौरान आई चुनौतियों से सीख लेते हुए पुलिस मुख्यालय ने वर्ष 2025 के लिए सशक्त रणनीति तैयार की। IG रेंज के अंतर्गत केंद्रीकृत कंट्रोल रूम की स्थापना की जिम्मेदारी एसपी लोकजीत सिंह को सौंपी गई। सीमित समय में आधुनिक तकनीकी संसाधनों और निरंतर मॉनिटरिंग के माध्यम से यात्रा प्रबंधन को व्यवस्थित ढांचे में ढाला गया।

धराली आपदा के दौरान रेस्क्यू समन्वय, पहलगाम आतंकी हमले के समय सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना तथा विभिन्न हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी—इन जटिल परिस्थितियों में कंट्रोल रूम की त्वरित और समन्वित कार्रवाई ने यात्रा को सुरक्षित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इसके अलावा लोकजीत सिंह को पूर्व में वर्ष 2021 में कोविड प्रबंधन में उत्कृष्ट योगदान के लिए FICCI द्वारा FICCI Smart Policing Award से सम्मानित किया जा चुका है। साथ ही वर्ष 2024 में चारधाम यात्रा प्रबंधन में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राज्यपाल द्वारा उत्कृष्ट सेवा पदक भी प्रदान किया गया था।

राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त यह सम्मान उत्तराखंड पुलिस की नवाचार आधारित कार्यशैली, प्रतिबद्धता और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गौरव, प्रेरणा और विश्वास का संदेश देती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments