देहरादून, 29 मई 2026।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के साथ प्रदेश में खाद्यान्न एवं दैनिक आवश्यकताओं की वस्तुओं की उपलब्धता और मूल्य स्थिति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने आयुक्त खाद्य बी.एल. राणा से आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं की उपलब्धता तथा उनके बाजार मूल्य की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि आमजन को रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं उचित दरों पर निर्बाध रूप से उपलब्ध हों, इसके लिए संबंधित विभाग लगातार और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि खाद्य सामग्री, डीजल, पेट्रोल, एलपीजी तथा अन्य आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों पर सतत निगरानी रखी जाए, ताकि जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी, जमाखोरी और कृत्रिम अभाव पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके लिए बाजारों, गोदामों और थोक विक्रेताओं का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा जांच अभियान लगातार संचालित किए जाएं।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को राहत देने और बाजार व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी जनपदों, विशेषकर चारधाम यात्रा से जुड़े जिलों में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और मूल्य नियंत्रण की स्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में आयुक्त खाद्य बी.एल. राणा, चीफ मार्केटिंग ऑफिसर डॉ. एम.एस. विसेन, रीजनल मार्केटिंग ऑफिसर सी.एम. घिल्डियाल तथा उपायुक्त सुश्री निधि रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


