Saturday, June 27, 2026
Google search engine
Homeउत्तराखंडमुख्यमंत्री धामी ने दन्या में विकास योजनाओं की दी सौगात, क्षेत्र के...

मुख्यमंत्री धामी ने दन्या में विकास योजनाओं की दी सौगात, क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं

अल्मोड़ा, 21 जून 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अल्मोड़ा के दन्या स्थित रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस अवसर पर उन्होंने राजकीय महाविद्यालय दन्या के 4 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए भवन के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई अहम घोषणाएं करते हुए कहा कि शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर अल्मोड़ा में भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा चमतोला खेल मैदान का निर्माण, राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में मिनी स्टेडियम का निर्माण, जीआईसी गरुड़ाबाँज में चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण, प्रेम मंदिर एवं राधा-कृष्ण मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, खेती-जटेश्वर मोटर मार्ग के कचौरी से कलूटा पोलिंग बूथ तक सड़क निर्माण तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी के उच्चीकरण की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों के संतुलित एवं समेकित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा उत्तराखंड भी तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। केदारखंड और मानसखंड में पर्यटन गतिविधियों का विस्तार हो रहा है, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक राज्य पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जागेश्वर मास्टर प्लान के माध्यम से धाम के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए वहां आधुनिक सुविधाओं, पार्किंग और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शीतकालीन पर्यटन, आयुर्वेद एवं योग आधारित पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ की अवधारणा के तहत स्थानीय मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान मिल रही है, जिससे स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देश का ‘मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट’ बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। साथ ही नकल विरोधी कानून लागू होने से युवाओं का भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता पर विश्वास मजबूत हुआ है और राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में उत्तराखंड का समग्र विकास हो रहा है और सभी के सामूहिक प्रयासों से राज्य को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाया जाएगा।

जनसभा के उपरांत मुख्यमंत्री दन्या निवासी पवन पंत के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में सहभाग करते हुए कथा का श्रवण किया तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments