मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने किया योग, बोले- स्वस्थ समाज की सबसे बड़ी ताकत है योग
एमडीडीए के सिटी फॉरेस्ट पार्क से उत्तराखंड को योग एवं वेलनेस हब बनाने का संदेश, डिजिटल फीडबैक सिस्टम भी होगा शुरू
देहरादून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देहरादून का एमडीडीए सिटी फॉरेस्ट पार्क योग, प्रकृति और जनभागीदारी का भव्य केंद्र बन गया। हरियाली से घिरे पार्क में सुबह की ताज़ी हवा और पक्षियों की चहचहाहट के बीच 1000 से अधिक लोगों ने एक साथ योग, प्राणायाम और ध्यान कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में अपर सचिव मुख्यमंत्री एवं एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, सचिव मोहन सिंह बर्निया, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ उत्तराखंड के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने योग प्रशिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया और समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने में उनके योगदान की सराहना की।
प्रकृति की गोद में योग का अनूठा अनुभव
इस वर्ष योग दिवस को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ा गया। प्रतिभागियों को योग के वैज्ञानिक लाभों की जानकारी दी गई और नियमित योग को तनावमुक्त, संतुलित एवं स्वस्थ जीवन का आधार बताया गया। प्राकृतिक वातावरण में आयोजित कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने का माध्यम भी है।
योग भारत की अमूल्य धरोहर : आनंद बर्धन
मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कहा कि योग भारत की सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के करोड़ों लोग योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना चुके हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।
उत्तराखंड बनेगा वैश्विक योग एवं वेलनेस डेस्टिनेशन : बंशीधर तिवारी
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से योग, तप और आध्यात्मिक साधना की भूमि रही है। राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सिटी फॉरेस्ट पार्क जैसे सार्वजनिक स्थलों को स्वास्थ्य और जनकल्याण से जोड़कर लोगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।
सिटी फॉरेस्ट पार्क बनेगा स्मार्ट और जनहितैषी
योग कार्यक्रम के बाद मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने सिटी फॉरेस्ट पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने चिल्ड्रन पार्क, कैफेटेरिया, साइकिल ट्रैक, थ्री-डी मूवी थिएटर, सोलर प्लांट, नर्सरी, ओपन जिम, ओपन थिएटर और ईवी चार्जिंग स्टेशन सहित विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को पार्क में आने वाले लोगों की राय जानने के लिए क्यूआर कोड आधारित डिजिटल फीडबैक सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीक और जनभागीदारी के माध्यम से सार्वजनिक सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। साथ ही पार्क की स्वच्छता, हरित क्षेत्र और पर्यावरण संरक्षण की व्यवस्थाओं की भी सराहना की।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्य सचिव के सभी सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा, जिससे सिटी फॉरेस्ट पार्क को देहरादून के सबसे आधुनिक, सुविधायुक्त और जनहितैषी सार्वजनिक स्थलों में शामिल किया जा सके।
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि योग दिवस में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी प्रेरणादायक रही। भविष्य में भी पार्क में स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।


