Tuesday, June 30, 2026
Google search engine
Homeउत्तराखंडधामी सरकार का बड़ा कदम: उत्तराखंड के फिल्मी सपनों को मिला सहारा,...

धामी सरकार का बड़ा कदम: उत्तराखंड के फिल्मी सपनों को मिला सहारा, FTII पासआउट युवाओं को मिली छात्रवृत्ति

देहरादून। उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 का लाभ अब प्रदेश के युवाओं तक पहुंचने लगा है। फिल्म निर्माण और अभिनय के क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद ने भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (FTII), पुणे से पढ़ाई पूरी कर चुके तीन युवाओं को छात्रवृत्ति का भुगतान किया है।

उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत FTII, पुणे, सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (SRFTI), कोलकाता तथा अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश लेने वाले उत्तराखंड के स्थायी निवासी छात्र-छात्राओं को मेरिट के आधार पर पाठ्यक्रम पूरा करने और प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के बाद छात्रवृत्ति प्रदान करने का प्रावधान है। नीति के अनुसार अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम पर हुए खर्च का 75 प्रतिशत, जबकि सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति दी जाती है।

उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने बताया कि रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ निवासी प्रवीण सेमवाल को एक वर्षीय स्नातकोत्तर सर्टिफिकेट कोर्स के लिए 65,682 रुपये, चमोली जिले के हरनी (मुंदोली) निवासी कविता को दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स के लिए 1,27,619 रुपये तथा नैनीताल के तल्लीताल निवासी देवेश भट्ट को तीन वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स के लिए 1,38,990 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। तीनों विद्यार्थियों ने FTII, पुणे से अपनी पढ़ाई पूरी की है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवा रचनात्मक प्रतिभा से भरपूर हैं और राज्य सरकार उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने तथा राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से फिल्म शिक्षा प्राप्त करने वाले युवाओं को आर्थिक सहयोग देकर उनके सपनों को नई उड़ान दी जा रही है।

सरकार का मानना है कि इस पहल से उत्तराखंड के अधिक से अधिक युवा फिल्म, टेलीविजन और मीडिया उद्योग में अपना भविष्य बना सकेंगे तथा प्रदेश की रचनात्मक प्रतिभा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिलेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments