Monday, November 16, 2026
 dipr
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडCM धामी ने किया 74वें गौचर मेले का भव्य शुभारंभ, सिमली अस्पताल...
spot_imgspot_img

CM धामी ने किया 74वें गौचर मेले का भव्य शुभारंभ, सिमली अस्पताल के समाधान के लिए बनेगी कमेटी; पेयजल योजनाओं की दी सौगात

spot_img

गौचर (चमोली): उत्तराखंड की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भव्य शुभारंभ किया। सात दिवसीय मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गौचर और गैरसैंण क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए करोड़ों रुपये की दो योजनाओं का लोकार्पण भी किया।

गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। उन्होंने सबसे पहले मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक पेश की।

1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में हुई थी शुरुआत

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। वर्ष 1943 में स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों और तत्कालीन प्रशासन के सहयोग से इसकी शुरुआत भोटिया व्यापार मेले के रूप में हुई थी।

उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का महत्वपूर्ण केंद्र था। यहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों और विभिन्न स्थानीय उत्पादों का व्यापार होता था। समय के साथ इस मेले ने औद्योगिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप ग्रहण किया और आज यह प्रदेश के प्रमुख आयोजनों में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का बड़ा मंच प्रदान करता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ संकल्प को आगे बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

सिमली अस्पताल के समाधान के लिए जल्द बनेगी कमेटी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए शीघ्र एक कमेटी गठित करने और सभी संबंधित पक्षों को सुनने के निर्देश देने की बात कही।

इसके साथ ही गौचर क्षेत्र में प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चयनित करने का आग्रह किया और इस संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया।

गौचर और गैरसैंण को पेयजल योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए दो महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण किया।

इनमें अमृत 2.0 योजना के तहत कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड कर्णप्रयाग में 32.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना शामिल है।

इसके अलावा गैरसैंण विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड गैरसैंण में मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत 459.32 लाख रुपये की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य का भी लोकार्पण किया गया। इन योजनाओं से दोनों क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

स्थानीय उत्पादों को देश-दुनिया तक पहुंचाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली जिले के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, दालें, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों की बाजार में बड़ी संभावनाएं हैं। इन उत्पादों को स्थानीय बाजारों से आगे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड शुरू किया गया है।

उन्होंने बताया कि इस ब्रांड का कारोबार अब तक छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। यह प्रदेश की मातृशक्ति, किसानों और स्थानीय उत्पादकों की मेहनत तथा आत्मनिर्भरता का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को अपने गांव और क्षेत्र में ही रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए पर्यटन, कृषि, बागवानी, पशुपालन और हस्तशिल्प को बढ़ावा दे रही है। इसके लिए पर्यटन नीति, होमस्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से क्षेत्र को मिलेगी नई गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली जिला धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। यह भगवान बदरी विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और विश्वविख्यात चिपको आंदोलन की जन्मभूमि है।

उन्होंने कहा कि चारधाम सड़क परियोजना के माध्यम से बदरीनाथ धाम तक सड़क संपर्क को बेहतर बनाया जा रहा है। वहीं ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। इसके पूरा होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार सरकार की प्राथमिकता है।

दो विभूतियों को मिला विशेष सम्मान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा, ग्राम बमोथ, चमोली को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया।

वहीं वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी, बिनसर पब्लिकेशन, देहरादून को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने दोनों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ विकास कार्यों को गति दी जा रही है। साथ ही प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और जनभावनाओं का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री चमोली भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अन्य अधिकारी, व्यापारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine
video
play-sharp-fill
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments