श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल): उत्तराखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां धारी देवी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही पार्किंग की बेहतर सुविधा मिल सकती है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत मंदिर के समीप आधुनिक दो मंजिला पार्किंग बनाने की योजना पर कार्यवाही तेज कर दी गई है। प्रस्तावित पार्किंग में करीब 100 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी।
पौड़ी जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के अनुसार, पार्किंग निर्माण के लिए ग्राम कलियासौड़, पट्टी चलणल्यूं, तहसील श्रीनगर में 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। भूमि चिह्नीकरण और जीआईएस आधारित भू-सर्वेक्षण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब भूमि हस्तांतरण और निर्माण से जुड़ी प्रशासनिक एवं तकनीकी औपचारिकताएं आगे बढ़ाई जा रही हैं।
20×70 मीटर क्षेत्र में बनेगी दो मंजिला पार्किंग
प्रस्तावित योजना के तहत लगभग 20 मीटर × 70 मीटर क्षेत्र में आधुनिक दो मंजिला पार्किंग विकसित की जाएगी। इसमें करीब 100 ईसीएस (इक्विवेलेंट कार स्पेस) वाहनों की पार्किंग क्षमता होगी।
चिह्नित भूमि ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग-07 के बाईं ओर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के समीप स्थित है। मंदिर के नजदीक होने के कारण इस स्थान को पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त माना गया है।
भूमि हस्तांतरण के लिए एनओसी का इंतजार
परियोजना के लिए चिह्नित भूमि अभिलेखों में श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज है। वर्तमान में इसका प्रबंधन अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड, श्रीनगर द्वारा किया जा रहा है।
भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए संबंधित परियोजना से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त किया जाना आवश्यक है। एनओसी मिलने के बाद भूमि को जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के पक्ष में हस्तांतरित करने की कार्यवाही की जाएगी।
आर्किटेक्चरल और स्ट्रक्चरल डिजाइन होगा तैयार
परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया भी चल रही है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी ने कार्यदायी संस्था नामित करने के संबंध में सचिव, आवास, उत्तराखंड शासन को प्रस्ताव भेजा है।
कार्यदायी संस्था के चयन के बाद पार्किंग का आर्किटेक्चरल डिजाइन तैयार कराया जाएगा। इसके बाद मान्यता प्राप्त स्ट्रक्चरल इंजीनियर से संरचनात्मक डिजाइन तैयार कराया जाएगा, ताकि निर्माण में मजबूती, सुरक्षा और तकनीकी मानकों का पूरा ध्यान रखा जा सके।
चारधाम यात्रा के दौरान जाम से मिलेगी राहत
मां धारी देवी मंदिर उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक आस्था केंद्रों में शामिल है। यहां सालभर श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहता है। चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्वों के दौरान मंदिर पहुंचने वाले वाहनों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से यातायात संबंधी परेशानियां भी सामने आती हैं।
आधुनिक पार्किंग बनने से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अनियोजित पार्किंग से होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं को कम करने में भी मदद मिलेगी।
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में परियोजना से संबंधित प्रशासनिक और तकनीकी कार्यवाही आगे बढ़ाई जा रही है। राज्य सरकार का उद्देश्य धार्मिक स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर श्रद्धालुओं की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाना और धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करना है।





