Monday, November 16, 2026
 dipr
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeउत्तराखंडजौनपुर महोत्सव में CM धामी ने दी विकास की सौगात, 52.55 करोड़...
spot_imgspot_img

जौनपुर महोत्सव में CM धामी ने दी विकास की सौगात, 52.55 करोड़ की 26 योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास; थत्यूड़ CHC बनेगा उप जिला चिकित्सालय

spot_img

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को टिहरी गढ़वाल के धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात देते हुए कुल 52.55 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 30.50 करोड़ रुपये से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22.04 करोड़ रुपये से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इन योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण, शिक्षा, सिंचाई, पार्किंग, पशुपालन और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस दौरान जौनपुर क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने की घोषणा प्रमुख रही।

थत्यूड़ अस्पताल बनेगा उप जिला चिकित्सालय

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जनता की मांगों को ध्यान में रखते हुए धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण को स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके अलावा जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए 273 लाख रुपये तथा भवन बाजार के आबादी वाले क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4 करोड़ 72 लाख रुपये की स्वीकृति देने की घोषणा की।

उन्होंने क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने का भी ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण और डामरीकरण से संबंधित मांगपत्रों पर विचार कर उन्हें घोषणाओं में शामिल करने की बात कही।

टिहरी झील को पर्यटन और वाटर स्पोर्ट्स का प्रमुख केंद्र बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार टिहरी और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। लगभग 1300 करोड़ रुपये की लागत से टिहरी झील एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष पर्यटन क्षेत्र विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है। इससे पर्यटन गतिविधियों को विस्तार मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। झील को साहसिक पर्यटन एवं वाटर स्पोर्ट्स का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैम्पटी-चड़ोगी मोटर मार्ग पर भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षा उपचार कार्य पूरा कराया गया है। वहीं 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कैम्पटी-चड़ोगी हल्का वाहन मोटर मार्ग के परिवर्तन एवं डामरीकरण का कार्य भी पूरा किया गया है। पर्यटकों की सुविधा के लिए कद्दूखाल में 8 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से वाहन पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है।

स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा दे रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए पर्यटन, कृषि, उद्यानिकी, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। एक जनपद, दो उत्पाद योजना और हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड ने अपनी शुरुआत से अब तक 6 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री का आंकड़ा पार किया है। यह प्रदेश की मातृशक्ति, किसानों और स्थानीय उत्पादकों के परिश्रम का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति, होमस्टे और वेड इन उत्तराखंड जैसी योजनाओं से स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार के प्रयासों से रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिससे भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर दिया जोर

मुख्यमंत्री ने जौनपुर महोत्सव को लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत के संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। वहीं खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है। उत्तराखंड के युवा भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केदारखंड एवं मानसखंड के प्रमुख मंदिरों के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं।

प्रगतिशील किसान और साहित्यकार को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील कृषक कबूल चंद पुंडीर के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेब उत्पादन के साथ अदरक, कीवी, केसर, फूलों, आलू और रोजमैरी जैसी फसलों की खेती के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उनके प्रयास अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायी हैं।

वहीं ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण एवं महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों का अनुवाद करने और लोकभाषा के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र तथा कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने स्मृति चिह्न भेंट किया।

स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं और स्वीकृत कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जौनपुर क्षेत्र में कृषि, उद्यानिकी और पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। इन क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार होने से स्थानीय लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, नगर पालिका मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, महोत्सव समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine
video
play-sharp-fill
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments