देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज परेड ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं सुचारु रहें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान आमजन को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने प्रवेश और निकास के लिए उचित व्यवस्था बनाने तथा पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए।
सीएम धामी ने अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं। आयोजन से जुड़े अधिकारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट हों और प्रत्येक स्तर पर तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम के सुचारु एवं सफल आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव शैलेश बगौली, विनय शंकर पांडेय सहित शासन और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





