देहरादून, 21 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत राजधानी देहरादून को सुनियोजित और आधुनिक स्वरूप देने के लिए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) की महत्वपूर्ण परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने प्राधिकरण की तीन प्रमुख परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं, ताकि शहर में यातायात, पार्किंग और व्यापारिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।
इंदिरा मार्केट पुनर्विकास परियोजना
इंदिरा मार्केट एवं टैक्सी स्टैंड क्षेत्र के दुकानदारों के पुनर्वास के लिए संचालित इस परियोजना के प्रथम चरण का कार्य तेजी से चल रहा है। C और D ब्लॉक में दो तल के बेसमेंट का निर्माण पूरा हो चुका है तथा शीर्ष तल का निर्माण जारी है। परियोजना में तीन तल के बेसमेंट सहित लगभग 1050 कार पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। इसे दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
आढ़त बाजार परियोजना: हरिद्वार बाइपास क्षेत्र में लगभग 7.7 हेक्टेयर भूमि पर नया आढ़त बाजार विकसित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 24 मीटर चौड़ी सड़क, मंडियों के लिए व्यवस्थित लेआउट, लगभग 650 वाहनों की मल्टी लेवल पार्किंग, वेयरहाउस, कार्यालय, एसटीपी, पार्क और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
मल्टी लेवल कार पार्किंग — तहसील परिसर: पलटन बाजार एवं तहसील चौक क्षेत्र की पार्किंग समस्या के समाधान के लिए आधुनिक तहसील कार्यालय के साथ लगभग 1000 वाहनों की क्षमता वाली मल्टी लेवल पार्किंग विकसित करने का प्रस्ताव है। सचिव ने संबंधित अधिकारियों को वार्ता प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर परियोजना को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण सचिव, अभियंता और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में शहर के संतुलित विकास के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंदिरा मार्केट, आढ़त बाजार और मल्टी लेवल पार्किंग जैसी परियोजनाएं शहर की यातायात व्यवस्था और व्यापारिक गतिविधियों को नई मजबूती प्रदान करेंगी।


