देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में निकाली गई 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 के समापन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डॉ. जोशी और यात्रा में शामिल सभी साइकिल यात्रियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए अभियान की सफलता पर बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. अनिल प्रकाश जोशी का 47 दिनों तक साइकिल यात्रा करना प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण है। यह यात्रा केवल लंबी दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि जल, जंगल और जमीन सहित प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का सार्थक प्रयास है।
उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक संबंध हैं। जनकपुर धाम और अयोध्या का संबंध हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत और रोटी-बेटी के आत्मीय रिश्तों का प्रतीक है। दोनों देशों की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियां भी एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
मुख्यमंत्री ने डॉ. जोशी के संदेश ‘प्रकृति ही प्रभु है’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन की मूल भावना को दर्शाता है। हमारी संस्कृति में प्रकृति को सदैव पूजनीय माना गया है। प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तभी मानव जीवन भी सुरक्षित रह सकेगा।
उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। जरूरत इस बात की है कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जाए। इस दिशा में ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट (GEP) की अवधारणा महत्वपूर्ण है, जो प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की गुणवत्ता का आकलन कर विकास एवं पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करने में उपयोगी साबित हो सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान हिमालय, नदियों, वनों, समृद्ध प्राकृतिक संपदा और जैव विविधता से है। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को विकास की प्राथमिकताओं में शामिल कर निरंतर कार्य कर रही है। नौले-धारे, चाल-खाल, पारंपरिक जल स्रोतों और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाना सरकार का विकल्प रहित संकल्प है। इसमें महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।
जनकपुर धाम से शुरू हुई यात्रा, 3000 किलोमीटर से अधिक का सफर
इस अवसर पर पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि 2 अक्टूबर 2026 को नेपाल के जनकपुर धाम से शुरू हुई 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय साइकिल यात्रा के दौरान 3,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की गई। यात्रा के माध्यम से नेपाल सहित भारत के विभिन्न राज्यों, 25 से अधिक जिलों और 150 से अधिक गांवों तक पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन का संदेश पहुंचाया गया।
उन्होंने बताया कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना था।
28 से 30 नवंबर तक देहरादून में होगा विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 28 से 30 नवंबर 2026 तक देहरादून में आयोजित होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का भी विमोचन किया।
यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने सम्मेलन की जानकारी देते हुए बताया कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल एवं सुरक्षित बचाव अभियान की तीसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में इस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
‘सिलक्यारा के साहस से वैश्विक आपदा प्रतिरोधक क्षमता तक’ विषय पर आधारित इस सम्मेलन में आपदा जोखिम के पूर्वानुमान, आपदा प्रबंधन की तैयारियों, नवीन तकनीकों और आपदाओं से निपटने की क्षमता विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य आपदा प्रबंधन से जुड़े अनुभवों, ज्ञान और नवाचारों का आदान-प्रदान करना है।
कार्यक्रम में पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत तथा प्रकृति पथ साइकिल यात्रा के सदस्य उपस्थित रहे।





