देहरादून, 14 मई 2026। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक Deepam Seth ने राज्यव्यापी विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” की विस्तृत समीक्षा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में गढ़वाल एवं कुमाऊं परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षकों, सभी जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, एसटीएफ एवं जीआरपी अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
पुलिस महानिदेशक Deepam Seth ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस राज्य के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा के लिए सतर्क, सक्रिय और प्रतिबद्ध है तथा अपराधियों, असामाजिक तत्वों और संगठित अपराध के विरुद्ध “ऑपरेशन प्रहार” अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
1400 से अधिक अपराधियों की गिरफ्तारी
अभियान के अंतर्गत एक माह में 1400 से अधिक वांछित, फरार, इनामी एवं पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत 40 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जबकि गुण्डा एक्ट के तहत 130 से अधिक व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
अवैध हथियार और आतंकी नेटवर्क पर कार्रवाई
राज्यभर में चलाए गए अभियान के दौरान 66 अवैध हथियार बरामद किए गए और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने अभियुक्त Harendra Singh उर्फ हनी और Nikhil Verma को भारी मात्रा में अवैध असलाह और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया। जांच में इनके तार आतंकी संगठन “अल बदर” से जुड़े मामलों से पाए गए।
वहीं एसटीएफ ने पाकिस्तानी आतंकी संगठन “अल बरक ब्रिगेड” के संपर्क में रहे अभियुक्त Vikrant Kashyap को देहरादून से अवैध पिस्टल और कारतूसों सहित गिरफ्तार किया।
बांग्लादेशी घुसपैठियों पर शिकंजा
राज्य में फर्जी दस्तावेजों के साथ अवैध रूप से रह रहे तीन बांग्लादेशी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 4000 से अधिक असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
“ऑपरेशन प्रहार” के तहत रैश ड्राइविंग, ड्रंकन ड्राइविंग, फर्जी नंबर प्लेट और हूटर के दुरुपयोग के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान 15 हजार से अधिक वाहनों के चालान किए गए, 900 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया और 2000 से अधिक वाहन सीज किए गए।
होटल, बार और ढाबों की जांच
पुलिस ने राज्यभर में 18 हजार से अधिक होटल, बार, क्लब, स्पा, पब और ढाबों की जांच की। नियमों का उल्लंघन करने वाले 1200 से अधिक लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
40 हजार से अधिक लोगों का सत्यापन
व्यापक सत्यापन अभियान के दौरान किराये के मकानों, पीजी, मल्टीस्टोरी अपार्टमेंट, होम-स्टे, होटल, धर्मशाला और आश्रमों में रह रहे 40 हजार से अधिक लोगों का सत्यापन किया गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
चारधाम यात्रा में साइबर सुरक्षा पर विशेष फोकस
चारधाम यात्रा के दौरान साइबर ठगी रोकने के लिए पुलिस ने 200 से अधिक फर्जी सोशल मीडिया लिंक ब्लॉक कराए तथा 50 से अधिक संदिग्ध मोबाइल नंबर बंद कराए। ये लिंक और नंबर यात्रा पंजीकरण, हेलीकॉप्टर टिकट और होटल बुकिंग के नाम पर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे थे। पुलिस ने 147 लिंक ऑपरेटरों और 27 फर्जी मोबाइल धारकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक V. Murugesan, A. P. Anshuman, पुलिस महानिरीक्षक Vimmi Sachdeva, Krishna Kumar V K, Nilesh Anand Bharne, Rajiv Swaroop, Sunil Kumar Meena एवं Dhirendra Gunjyal सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।


