चमोली, 2 जून 2026। उत्तराखंड के चमोली जनपद स्थित विश्व प्रसिद्ध एवं यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल Valley of Flowers (फूलों की घाटी) को वर्ष 2026 के पर्यटन सीजन के लिए आधिकारिक रूप से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। 1 जून से शुरू हुए इस सीजन में देश-विदेश से आने वाले प्रकृति प्रेमी और ट्रेकर्स 31 अक्टूबर 2026 तक घाटी की अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकेंगे।
हिमालय की गोद में बसी फूलों की घाटी अपनी अनूठी जैव विविधता और रंग-बिरंगे दुर्लभ पुष्पों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। मानसून और ग्रीष्मकाल के दौरान यहां 500 से अधिक प्रजातियों के फूल और दुर्लभ हिमालयी वनस्पतियां प्राकृतिक रूप से खिलती हैं, जो पूरी घाटी को रंगों की अनुपम छटा से भर देती हैं।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार घाटी में प्रवेश केवल डे-ट्रेक (दिवसीय भ्रमण) के लिए ही अनुमन्य होगा। पर्यटकों को निर्धारित समय के भीतर भ्रमण कर आधार शिविर घांघरिया लौटना अनिवार्य होगा। घाटी के भीतर रात्रि विश्राम या कैंपिंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी तथा सभी आगंतुकों को शाम 5 बजे तक घांघरिया वापस पहुंचना होगा।
प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पर्यटकों से पर्यावरणीय नियमों का पालन करने और घाटी की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई है। प्रशासन और वन विभाग ने आगंतुकों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए सुरक्षित एवं व्यवस्थित पर्यटन सीजन की तैयारी पूरी कर ली है।
फूलों की घाटी हर वर्ष हजारों पर्यटकों, प्रकृति प्रेमियों, शोधकर्ताओं और फोटोग्राफरों को अपनी ओर आकर्षित करती है। इस वर्ष भी घाटी में दुर्लभ हिमालयी पुष्पों और वनस्पतियों की विविधता पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।


