Sunday, June 7, 2026
Google search engine
Homeउत्तराखंडचलती कार में लगी भीषण आग, हाईवे पर मचा हड़कंप

चलती कार में लगी भीषण आग, हाईवे पर मचा हड़कंप

कुआंवाला के पास कार में लगी आग, आधे घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

डोईवाला, 7 जून। हरिद्वार से देहरादून की ओर जा रही एक कार में अचानक भीषण आग लगने से हाईवे पर हड़कंप मच गया। घटना कुआंवाला क्षेत्र में जंगल के समीप हुई, जहां देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई। आग लगने से कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही लालतप्पड़ और देहरादून से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। वहीं कुआंवाला पुलिस चौकी और कोतवाली पुलिस की टीम ने भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुंठी ने बताया कि हरिद्वार से देहरादून की ओर आ रही कार से कुआंवाला के पास अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक और वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति तुरंत कार से बाहर निकल गए। कुछ ही क्षणों बाद कार में भीषण आग लग गई और पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया।

फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस और फायर विभाग की तत्परता से स्थिति पर जल्द नियंत्रण पा लिया गया तथा हाईवे पर यातायात को सुचारू रूप से संचालित कराया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments