देहरादून, 24 अप्रैल 2026। मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में “25 बिंदु कार्यक्रम 2025-26” की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने सभी जनपदों में विभिन्न बिंदुओं पर प्रगति की जानकारी ली और वर्ष 2026-27 के लिए शीघ्र लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने निर्देशित किया कि सभी विभाग आगामी एक माह के भीतर वर्ष 2026-27 के लिए जनपदवार लक्ष्य निर्धारित कर पोर्टल पर अपडेट करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद की समस्याएं और चुनौतियां अलग-अलग हैं, इसलिए जिलों को अपने फोकस एरिया तय करते हुए उसी के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए।
उन्होंने सचिवों, विभागाध्यक्षों एवं जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करें। साथ ही सभी इंडिकेटर्स के वार्षिक लक्ष्य तय करते हुए मासिक लक्ष्य भी निर्धारित किए जाएं, ताकि नियमित समीक्षा के माध्यम से कार्यों की प्रगति सुनिश्चित की जा सके। मुख्य सचिव ने कहा कि अब प्रत्येक माह कार्यक्रम की समीक्षा की जाएगी।
बैठक में मुख्य सचिव ने वन विभाग से संबंधित लक्ष्यों को सभी जनपदों के लिए निर्धारित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने देशी और विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने पर विशेष फोकस करने को कहा। साथ ही जिन जनपदों में ईको टूरिज्म योजनाएं संचालित नहीं हो रही हैं, वहां भी ईको टूरिज्म योजनाएं शुरू करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में गवर्नेंस एंड जस्टिस के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, लेकिन अभी भी इस क्षेत्र में काफी संभावनाएं मौजूद हैं और इस दिशा में निरंतर कार्य किए जाने की आवश्यकता है।


