देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अपडेट करने के लिए निर्वाचन विभाग 20 से 27 नवंबर 2026 तक विशेष अभियान चलाने जा रहा है। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों की मतदाता सूची की गहन जांच करेंगे और उसमें मौजूद गलतियों को चिह्नित कर आवश्यक सुधार की कार्रवाई करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेश में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधान सभा निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाया जाएगा।
11 दिसंबर तक दर्ज करा सकते हैं दावे और आपत्तियां
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने, पहले से दर्ज विवरण में संशोधन कराने या अपात्र प्रविष्टि हटवाने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं। इसके लिए अलग-अलग फार्म निर्धारित किए गए हैं।
- फार्म-6: मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए।
- फार्म-7: मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए।
- फार्म-8: नाम, पता और अन्य विवरण में संशोधन कराने के लिए।
एक से अधिक जगह नाम होने पर होगी कार्रवाई
डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान ऐसे मतदाताओं की प्रविष्टियों को भी चिह्नित किया जाएगा, जिनके नाम एक ही बूथ पर या एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में दर्ज हैं। नियमानुसार फार्म-7 के माध्यम से अतिरिक्त प्रविष्टियों को हटाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 और 18 के तहत कोई भी व्यक्ति एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में या एक ही निर्वाचन क्षेत्र में एक से अधिक बार मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हो सकता।
मतदाता खुद भी जांच लें अपना और परिवार का नाम
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे वर्तमान मतदाता सूची में अपना और परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम, पता, आयु एवं अन्य विवरण अच्छी तरह जांच लें। यदि किसी प्रकार की गलती मिलती है तो निर्धारित अवधि में फार्म-8 भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा करें। वहीं, जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फार्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने मतदाताओं से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने तथा मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त करने की अपील भी की।
इन वेबसाइटों पर ऑनलाइन देख सकते हैं मतदाता सूची
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 12 नवंबर 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची जिला निर्वाचन कार्यालयों, उप जिलाधिकारी कार्यालयों, तहसील कार्यालयों और संबंधित बीएलओ के पास उपलब्ध है। इसके अलावा मतदाता घर बैठे भी ऑनलाइन अपना नाम और विवरण जांच सकते हैं।
- निर्वाचन आयोग की वेबसाइट:
- https://voters.eci.gov.in/
- मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड:
- https://ceo.uk.gov.in/
निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर अपने विवरण की जांच कर लें, ताकि आगामी चुनावों के लिए मतदाता सूची को सही और अद्यतन बनाया जा सके।





